असम के गुवाहाटी स्थित होटल बिलास इन में सोमवार रात, 26 अक्टूबर को हुई गोलीबारी में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस को शुरुआती जांच में होटल की लीज और प्रबंधन को लेकर विवाद की आशंका है।
पुलिस के अनुसार, घटना रात करीब नौ बजे बोरा सर्विस इलाके में जीएस रोड के पास हुई। गोलीबारी में छह लोगों को चोटें आईं। इनमें से चार लोगों की मौत घटनास्थल पर हुई, जबकि एक अन्य घायल ने गौहाटी मेडिकल कॉलेज एवं
अस्पताल में दम तोड़ दिया। एक घायल व्यक्ति का इलाज जारी है।
मृतकों में होटल की सह-मालकिन हेलेना भराली, उनके बेटे देबर्षि कश्यप, बहू रिनिका कश्यप, हेलेना के भाई भूदेव भराली और नारायण दास शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, इनमें से चार लोग एक ही परिवार से थे।
आरोपी घनकांत गोगोई को पुलिस ने घटना के करीब एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, उसने होटल लीज पर लिया था। उसके पास से एक लाइसेंसी पिस्तौल भी बरामद की गई, जिसका इस्तेमाल गोलीबारी में किए जाने का संदेह है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि होटल के मालिकों और लीजधारक के बीच संपत्ति के इस्तेमाल और प्रबंधन को लेकर मतभेद थे। विवाद सुलझाने के लिए 26 अक्टूबर को बैठक तय की गई थी। हालांकि, बैठक शुरू होने से पहले कथित तौर पर बहस बढ़ गई और मामला हिंसक झड़प तक पहुंच गया।
मामले की जांच के लिए असम पुलिस ने छह सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) बनाया है। इसकी अगुवाई संयुक्त पुलिस आयुक्त अंकुर जैन कर रहे हैं। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत भी जुटाए हैं।
पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच जारी है। गोलीबारी के पीछे का कारण अभी अंतिम रूप से स्थापित नहीं हुआ है।